• हॉर्टिकल्चर कॉलेज, स्वामी आत्मानंद विद्यालय और प्रयास स्कूल में आयोजित हुए कार्यक्रम, कॉल 1930 पर शिकायत की दी जानकारी : जगदलपुर : छत्तीस...
• हॉर्टिकल्चर कॉलेज, स्वामी आत्मानंद विद्यालय और प्रयास स्कूल में आयोजित हुए कार्यक्रम, कॉल 1930 पर शिकायत की दी जानकारी :
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत थाना कोतवाली जगदलपुर पुलिस लगातार युवाओं के बीच पहुंचकर साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान चला रही है। अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक जगदलपुर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने हॉर्टिकल्चर कॉलेज धरमपुरा, स्वामी आत्मानंद विद्यालय धरमपुरा और प्रयास स्कूल मंगलू कचोरा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, सीएसपी सुमित कुमार धोत्रे, रेंज साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव तिवारी और थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर ने विद्यार्थियों एवं फैकल्टी को साइबर अपराधों के स्वरूप, तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया फ्रॉड से रहें सावधान
पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। इनमें फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, एक्सटॉर्शन, स्टॉकिंग और फर्जी लिंक जैसे साइबर अपराध शामिल हैं।
विद्यार्थियों से OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई। पुलिस ने युवाओं को सोशल मीडिया और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने की समझाइश भी दी।
विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब दिया। पुलिस के अनुसार कार्यक्रमों में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
बस्तर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध या ऑनलाइन वित्तीय ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।








कोई टिप्पणी नहीं