• संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा : जगदलपुर : ...
• संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा :
जगदलपुर : ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा की मासिक बैठक नेगानार में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायक रेखचंद जैन की विशेष उपस्थिति रही, जबकि ब्लॉक कांग्रेस दरभा अध्यक्ष महादेव नाग ने बैठक की अगुवाई की। इस दौरान संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया गया।
स्मार्ट मीटर और बिजली बिल के मुद्दे पर आंदोलन की तैयारी
बैठक में प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर, बिजली बिलों में बढ़ोतरी तथा कांग्रेस सरकार के समय लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर आगामी दिनों में व्यापक जनांदोलन चलाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रिय भागीदारी से मजबूत होता है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और जनता के बीच जनहित के मुद्दों को मजबूती से रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर आम उपभोक्ताओं में असंतोष है। कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से प्रदेश के लाखों परिवारों को राहत मिलती थी। इस योजना को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर कांग्रेस आगामी दिनों में व्यापक आंदोलन करेगी।
जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता के हितों और अधिकारों की आवाज उठाती रही है। वर्तमान परिस्थितियों में संगठन को और मजबूत करते हुए जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्मार्ट मीटर और बिजली बिल के मुद्दे पर प्रस्तावित जनांदोलन की तैयारियों में जुटने तथा संगठन के प्रत्येक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दरभा महादेव नाग ने बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से सतत संपर्क बनाए रखने तथा स्थानीय समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने की अपील की।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नेगानार के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं