• माह के तीसरे शनिवार को 170 से अधिक स्कूलों में पहुंचा प्रशासनिक अमला, शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम सुधार पर जोर : जगदलपुर : बस्तर ...
• माह के तीसरे शनिवार को 170 से अधिक स्कूलों में पहुंचा प्रशासनिक अमला, शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम सुधार पर जोर :
जगदलपुर : बस्तर जिले के शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सघन निगरानी व्यवस्था शुरू की है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर जुलाई माह से शुरू किए गए विशेष गुणवत्ता सुधार अभियान के तहत अगस्त माह के तीसरे शनिवार को दूसरे चरण का व्यापक स्कूल निरीक्षण अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को सीधे स्कूलों से जोड़ा गया है। जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के लिए 178 अधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों ने अपने-अपने आबंटित स्कूलों में पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों और स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित विभिन्न तकनीकी और विकास विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा, तोकापाल, बास्तानार, दरभा, बस्तर और बकावण्ड विकासखंडों के दूरस्थ विद्यालयों का निरीक्षण किया।
शिक्षकों की उपस्थिति से लेकर पाठ्यक्रम की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति, शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार पाठ्यक्रम की पूर्णता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और विभिन्न पंजियों के संधारण की स्थिति की जांच की।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें आगामी बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही स्कूलों में प्रयोगशाला, पुस्तकालय और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के नियमित संचालन पर भी जोर दिया गया।
हर महीने तीसरे शनिवार को होगा निरीक्षण
जिला प्रशासन ने इस निगरानी व्यवस्था को प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को अनिवार्य रूप से जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य सुदूर वनांचल क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में नियमित निगरानी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार करना और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में सुधार सुनिश्चित करना है।


कोई टिप्पणी नहीं