• बाल संरक्षण संस्थाओं में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां : जगदलपुर : देश के 80वें स्वतंत्रता...
• बाल संरक्षण संस्थाओं में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां :
जगदलपुर : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जगदलपुर स्थित बालगृह, संप्रेक्षण गृह, विशेष गृह एवं प्लेस ऑफ सेफ्टी में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न बाल संरक्षण संस्थाओं में निवासरत देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों तथा किशोर न्याय प्रणाली से जुड़े बच्चों ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता की।
बालगृह एवं विभिन्न बाल संरक्षण संस्थाओं में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्राही ने बच्चों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों का मन मोह लिया।
शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें : नरेंद्र पाणिग्राही
इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पाणिग्राही ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देती है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण संस्थाओं में रहने वाले प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता है। समाज और प्रशासन का दायित्व है कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अवसर और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती वर्षा श्रीवास्तव, सदस्य रामकृष्ण ठाकुर, सदस्य संतोष जोशी, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य चुम्मन सिंह ठाकुर एवं हेमलता देवांगन, जिला बाल संरक्षण अधिकारी विजय शंकर शर्मा, प्रभारी अधीक्षक मनोजकांत जोशी एवं श्रीमती वीनू हिरवानी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल एवं सुरक्षित भविष्य की कामना की।


कोई टिप्पणी नहीं