"सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और खाद संकट सहित कई मुद्दे उठे; सुशील मौर्य बोले— ग्रामीणों की आवाज को हर स्तर तक पहुंचाएगी क...
"सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और खाद संकट सहित कई मुद्दे उठे; सुशील मौर्य बोले— ग्रामीणों की आवाज को हर स्तर तक पहुंचाएगी कांग्रेस"
जगदलपुर, 10 जुलाई 2026। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संचालित "मिशन गांव चलो अभियान" के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम साडगुड में जनसंपर्क एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांव पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित "चाय पर चर्चा" में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से विकास कार्य ठप पड़े हैं। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। वहीं, शाला प्रवेश उत्सव संपन्न होने के बावजूद कई स्कूलों में अब तक विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रत्येक समस्या को संबंधित विभागों एवं शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा और समाधान के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष करेगी।
इस अवसर पर सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बड़े-बड़े वादों और घोषणाओं तक ही सीमित होकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं और सरकार जनता की समस्याओं के बजाय सत्ता के सुख में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि जिन मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी, उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है। गांवों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गांव, गरीब, किसान और आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। मिशन गांव चलो अभियान का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को जानना, उनके साथ संवाद स्थापित करना तथा उनकी आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाना है। कांग्रेस ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और जनता से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंह बघेल, मंडल अध्यक्ष चमनलाल देहारी, तूरू नाग, तुलाराम सेठिया, सुखराम बघेल, नीतीश शर्मा, सुंदर लाल सेठिया, लखपती देहरी, श्याम सुंदर, जगर, राजू, राज कुमार नाग, गणेश बघेल, खीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं