"महापौर संजय पांडे से नवनियुक्त एल्डरमैनों की सौजन्य भेंट, जगदलपुर के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करने का लिया संकल्प" जगदल...
"महापौर संजय पांडे से नवनियुक्त एल्डरमैनों की सौजन्य भेंट, जगदलपुर के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करने का लिया संकल्प"
जगदलपुर नगर पालिक निगम के नवनियुक्त एल्डरमैनों (मनोनीत पार्षदों) ने रविवार को महापौर संजय पांडे से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात कर नए दायित्व के लिए आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर महापौर ने सभी एल्डरमैनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें भगवा पट्टिका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा नगर के समग्र विकास के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
महापौर संजय पांडे ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एल्डरमैन का दायित्व केवल एक पद नहीं, बल्कि नगर के विकास, जनहित और सुशासन के प्रति सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी मनोनीत सदस्य अपने अनुभव, सामाजिक सरोकार एवं जनसेवा की भावना के साथ नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
महापौर ने विश्वास जताया कि सभी एल्डरमैन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के संकल्प तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "विकसित भारत" के विजन से प्रेरणा लेकर जगदलपुर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगर बनाने की दिशा में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
सौजन्य भेंट के दौरान नगर निगम के मनोनीत पार्षद संतोष त्रिपाठी, राजेश श्रीवास्तव, रोहित त्रिवेदी, आशुतोष पाल, यशवर्धन राव, अतुल कौशल एवं श्रीमती लक्ष्मी कश्यप उपस्थित रहे। सभी ने महापौर का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा शहर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने, सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुधारने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार सहित जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। महापौर ने कहा कि शासन ने नगर के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से अनुभवी एवं समाजसेवी व्यक्तित्वों को एल्डरमैन के रूप में मनोनीत किया है, जिससे नगर निगम की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से ही शहर का संतुलित एवं समग्र विकास संभव है। उन्होंने सभी एल्डरमैनों से अपेक्षा की कि वे जनता और नगर निगम के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर मनोनीत एल्डरमैनों ने भी महापौर को भरोसा दिलाया कि वे जनहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे तथा नगर निगम की सभी विकास योजनाओं, स्वच्छता अभियान और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि महापौर संजय पांडे के नेतृत्व में सभी मिलकर जगदलपुर को एक आदर्श, स्वच्छ एवं विकसित शहर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।





कोई टिप्पणी नहीं