• 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में होंगे विविध कार्यक्रम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता पर रहेगा जोर : जगदलपुर : संत शिरोमणि ...
• 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में होंगे विविध कार्यक्रम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता पर रहेगा जोर :
जगदलपुर : संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। इसकी जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने मंगलवार को जगदलपुर स्थित जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के तहत राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के अनुसार, अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ‘समरसता दीप महोत्सव’ से होगा। इस दौरान देशभर के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद ‘कलश वंदन अभियान’ के तहत वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश विभिन्न राज्यों, जिलों और गांवों तक पहुंचाए जाएंगे।
वेदप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी। वहीं 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावासों में ‘समरसता संवाद’ कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को संत गुरु रविदास के जीवन, सामाजिक न्याय और समानता के विचारों से परिचित कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी का व्यापक अभियान होगा। पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं