• जगरगुंडा, गादीरास और छिंदगढ़ क्षेत्र में चलित थाना आयोजित, साइबर सुरक्षा, कानून और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी : सुकमा : सुकमा पुलिस द्व...
• जगरगुंडा, गादीरास और छिंदगढ़ क्षेत्र में चलित थाना आयोजित, साइबर सुरक्षा, कानून और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी :
सुकमा : सुकमा पुलिस द्वारा संचालित 'निवा दुवड़ ते' अभियान के तहत मंगलवार को थाना जगरगुंडा, गादीरास और छिंदगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चलित थाना एवं जनचौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, उनका निराकरण किया और कानून, सुरक्षा तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया।
थाना जगरगुंडा पुलिस ने ग्राम राजपेंटा में ग्रामीणों से संवाद करते हुए बाहरी व्यक्तियों एवं फेरीवालों पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज बनवाने की अपील की। इस दौरान हिंदी और गोंडी भाषा में ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
वहीं थाना गादीरास पुलिस ने ग्राम बोर्रापारा और मनकापाल में जनचौपाल लगाकर सड़क दुर्घटना राहत योजना, यातायात नियम, साइबर ठगी से बचाव, बच्चों की नियमित शिक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग भी रखी, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। साथ ही एक पुराने मारपीट प्रकरण में दोनों पक्षों को समझाइश देकर भविष्य में विवाद नहीं करने की सलाह दी गई।
थाना छिंदगढ़ पुलिस ने नक्सल प्रभावित ग्राम अन्दूमपाल में ग्राम पटेल, पुजारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। पुलिस ने ग्रामीणों से नक्सल गतिविधियों या किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए शांति, सुरक्षा और विकास में सहयोग का आह्वान किया।
सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, साइबर अपराध या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तुरंत निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।






कोई टिप्पणी नहीं