• चढ़ावा, दान और भूमि खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग : पखांजूर/कांकेर : अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम ...
• चढ़ावा, दान और भूमि खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग :
पखांजूर/कांकेर : अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर से जुड़े ट्रस्ट पर चढ़ावा, दान और भूमि खरीद में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने पखांजूर में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाजार चौक में प्रदर्शन कर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के कार्यकर्ताओं ने आमजन के बीच पहुंचकर भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद प्राप्त दान और चढ़ावे के उपयोग को लेकर अपनी बात रखी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों द्वारा दान, चढ़ावे और मंदिर के लिए खरीदी गई जमीनों में कथित अनियमितताएं की गई हैं।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। उनका कहना है कि अयोध्या में मंदिर निर्माण लंबे संघर्ष के बाद संभव हुआ और देश-दुनिया के श्रद्धालुओं ने मंदिर के लिए उदारतापूर्वक दान, नकद राशि, सोना, चांदी एवं अन्य बहुमूल्य सामग्री भेंट की।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण और उससे जुड़े कार्यों के लिए दान की गई राशि तथा भूमि खरीद में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पखांजूर बाजार चौक में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आम हिंदू जनमानस के बीच जनजागरण अभियान भी चलाया। शिवसेना ने मांग की कि अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर से जुड़े चढ़ावे, दान और भूमि खरीद में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
पार्टी ने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े विषय में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले लोगों को कानून के अनुसार दंडित किया जाना चाहिए।


कोई टिप्पणी नहीं