• दंतेवाड़ा समेत बस्तर के गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का जताया आभार :...
• दंतेवाड़ा समेत बस्तर के गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का जताया आभार :
जगदलपुर : बस्तर सांसद महेश कश्यप की पहल के बाद दंतेवाड़ा सहित बस्तर क्षेत्र के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। अब गैस सिलेंडर की रिफिल बुकिंग के लिए 45 दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी रिफिल बुकिंग के बीच की अवधि को घटाकर 25 दिन कर दिया है।
दंतेवाड़ा जिले के घरेलू गैस उपभोक्ताओं ने रिफिल बुकिंग के लिए निर्धारित 45 दिनों की अवधि को कम करने की मांग सांसद महेश कश्यप से की थी। इस पर सांसद कश्यप ने तत्काल केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर व्यवस्था में सुधार की मांग की थी।
सांसद की पहल के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम को निर्देशित किया है कि घरेलू एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से 25 दिनों का अंतर निर्धारित किया जाए। इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि सांसद महेश कश्यप ने अगस्त 2026 में केंद्रीय मंत्री को भेजे पत्र में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में 45 दिनों की बुकिंग अवधि से उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों का उल्लेख किया था। उन्होंने बताया था कि कई परिवारों में एक गैस सिलेंडर 25 से 30 दिनों के भीतर समाप्त हो जाता है, लेकिन 45 दिनों की अनिवार्य अवधि के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर खत्म होने के बाद भी कई दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ता था।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा सहित बस्तर क्षेत्र के लोगों की सुविधा और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एलपीजी रिफिल बुकिंग की अवधि को 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई थी। केंद्र सरकार द्वारा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए 25 दिनों का समान अंतर लागू करने का निर्णय स्वागत योग्य है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आभार व्यक्त किया।
महेश कश्यप ने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। केंद्र सरकार भी आम नागरिकों की सुविधाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार कर रही है।


कोई टिप्पणी नहीं