• वर्ल्ड स्माइल डे पर आयोजित हुआ डब्ल्यूडीसी-सीजी का तीसरा वार्षिक और पहला डेस्टिनेशन कार्यक्रम, चित्रकोट जलप्रपात और बस्तर की संस्कृति से र...
• वर्ल्ड स्माइल डे पर आयोजित हुआ डब्ल्यूडीसी-सीजी का तीसरा वार्षिक और पहला डेस्टिनेशन कार्यक्रम, चित्रकोट जलप्रपात और बस्तर की संस्कृति से रूबरू हुए प्रतिनिधि :
जगदलपुर : वीमेंस डेंटल काउंसिल, छत्तीसगढ़ (डब्ल्यूडीसी-सीजी) का तीसरा वार्षिक सम्मेलन और पहला डेस्टिनेशन कार्यक्रम विगत 3 और 4 अक्टूबर 2026 को जगदलपुर के होटल एम्बिशन में आयोजित किया गया। वर्ल्ड स्माइल डे के अवसर पर हुए इस आयोजन में प्रदेश के दंत चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में 25 वर्षों की सेवा देने वाले आठ वरिष्ठ चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों डॉ. प्रतीक लागो, अध्यक्ष आईडीए बस्तर, डॉ. विवेक दीवान, सचिव आईडीए बस्तर, डॉ. शब्बीर हुसैन, कोषाध्यक्ष आईडीए बस्तर, डॉ. चेतना हरीश, चेयरमैन डब्ल्यूडीसी-सीजी, डॉ. सुपर्णा कोस्टा, को-चेयरमैन डब्ल्यूडीसी-सीजी और डॉ. आशा दुल्हानी, उपाध्यक्ष आईडीए बस्तर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
डब्ल्यूडीसी-सीजी की चेयरमैन डॉ. चेतना हरीश ने स्वागत भाषण में कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्य और डेस्टिनेशन सम्मेलन की अवधारणा पर प्रकाश डाला।
• आठ वरिष्ठ दंत चिकित्सकों का सम्मान :
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण दंत चिकित्सा के क्षेत्र में 25 वर्षों की सेवा पूरी करने वाले आठ वरिष्ठ दंत चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान करना रहा। इस सम्मान के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व पदाधिकारियों ने डब्ल्यूडीसी-सीजी की वार्षिक रिपोर्ट 2025 प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन एमओसी डॉ. स्नेहा चेतवानी ने किया, जबकि डब्ल्यूडीसी-सीजी की सह-अध्यक्ष डॉ. सुपर्णा कोस्टा ने आभार व्यक्त किया।
• बस्तर की संस्कृति और पर्यटन से हुए परिचित :
सम्मेलन में शैक्षणिक और सम्मान समारोह के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। टीम जगदलपुर, स्वस्तिक आनंदम रिसॉर्ट और होटल एम्बिशन की ओर से प्रतिनिधियों के आतिथ्य की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में शामिल प्रतिनिधियों ने प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण किया। इसके साथ ही आदिवासी नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेलों और कैम्पफायर का आनंद लिया। सम्मेलन के दूसरे दिन प्रतिनिधियों ने माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
डब्ल्यूडीसी-सीजी का यह पहला डेस्टिनेशन वार्षिक कार्यक्रम दंत चिकित्सकों के सम्मान, आपसी संवाद और बस्तर की सांस्कृतिक विरासत से परिचय का अवसर बना। आयोजकों के अनुसार, वर्ल्ड स्माइल डे पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सम्मेलन को यादगार बनाने के साथ जगदलपुर और बस्तर की पर्यटन एवं सांस्कृतिक पहचान को भी सामने रखा।



कोई टिप्पणी नहीं