• शौंडिक समाज भवन जगदलपुर में चल रहे सात दिवसीय कथा सप्ताह में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, भक्तिमय माहौल में हुआ कथा वाचन : जगदलपुर : ...
• शौंडिक समाज भवन जगदलपुर में चल रहे सात दिवसीय कथा सप्ताह में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, भक्तिमय माहौल में हुआ कथा वाचन :
जगदलपुर : बस्तर संभाग शौंडिक समाज भवन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ के द्वितीय दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। शौंडिक समाज की माता-बहनों, समाज के सदस्यों सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की मौजूदगी से कथा स्थल पूरे समय भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।
श्रीधाम वृंदावन से पधारे प्रेममूर्ति पूज्य पंडित अनादि जी महाराज के श्रीमुख से कथा का वाचन किया जा रहा है। द्वितीय दिवस उन्होंने ज्ञान, भक्ति और वैराग्य के प्रसंग का सरल और भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि मानव जीवन में इन तीनों का समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ज्ञान व्यक्ति को सत्य का बोध कराता है, भक्ति उसे ईश्वर से जोड़ती है, जबकि वैराग्य संसार में रहते हुए मोह-माया से ऊपर उठकर संयम और शांति के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। ज्ञान से जीवन में विवेक, भक्ति से हृदय में प्रेम और वैराग्य से जीवन में संयम आता है। इन तीनों के समन्वय से ही मानव जीवन के वास्तविक मर्म को समझा जा सकता है।
कथा के दौरान विभिन्न भक्तिमय प्रसंगों और मधुर वाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन के महत्व से परिचित कराया गया। कथा के प्रसंगों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरा कथा पंडाल भगवान के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के संचालन में रायपुर से पधारे श्री रामजी शर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने पूज्य पंडित अनादि जी महाराज का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि व्यक्ति और समाज को संस्कारित करते हुए सकारात्मक दिशा देने वाला आध्यात्मिक माध्यम भी है।
आयोजन समिति ने नगरवासियों और समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में होने वाली कथा में परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। कथा सप्ताह को लेकर धरमपुरा वासियों और शौंडिक समाज के सदस्यों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन में समाज की माता-बहनों, युवाओं और वरिष्ठजनों की सक्रिय सहभागिता बनी हुई है।
कथा के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का वाचन पूज्य पंडित अनादि जी महाराज के श्रीमुख से किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी जगदलपुरवासियों से कथा श्रवण कर इस पावन आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




कोई टिप्पणी नहीं