• संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश : जगदलपुर : कमिश्नर बस्तर डोमन स...
• संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश :
जगदलपुर : कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में सेवा डेरा के रूप में चयनित गांवों को आदर्श ग्राम के तौर पर विकसित करने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गांवों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएं।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा डेरा के चयनित गांवों के स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक सप्ताह इन गांवों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और जरूरत के अनुसार जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा।
उन्होंने पेयजल, विद्युत आपूर्ति और सड़क कनेक्टिविटी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कृषि आधारित गतिविधियों से ग्रामीणों की आय बढ़ाने पर जोर
कमिश्नर ने कहा कि ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए किसानों को पारंपरिक कृषि के साथ उद्यानिकी, मछलीपालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाए। वहीं ग्रामीण महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं।
ग्रामीण परिवहन को सुगम बनाने के लिए स्थानीय युवाओं और महिलाओं को ई-रिक्शा अथवा ऑटो रिक्शा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।
दिव्यांगजनों और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
कमिश्नर ने सेवा डेरा गांवों में दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही पात्र दिव्यांगजनों को पेंशन योजनाओं तथा सामाजिक सहायता कार्यक्रमों का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सेवा डेरा गांवों के विकास को केवल अलग-अलग विभागों की योजनाओं तक सीमित न रखा जाए, बल्कि सभी विभाग मिलकर इन गांवों को व्यापक विकास मॉडल के रूप में विकसित करें।
पंचायत सचिव और आंगनबाड़ी के रिक्त पदों पर भर्ती में तेजी के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान कमिश्नर ने जिलों में पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास, वन और नगरीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त सहित विभिन्न विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी और नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।


कोई टिप्पणी नहीं