• पर्यटकों से अधिकृत माध्यमों से ही होटल और टूर पैकेज बुक करने की अपील, संदिग्ध लिंक और अनजान UPI पर भुगतान से बचने की सलाह : रायपुर : छत्...
• पर्यटकों से अधिकृत माध्यमों से ही होटल और टूर पैकेज बुक करने की अपील, संदिग्ध लिंक और अनजान UPI पर भुगतान से बचने की सलाह :
रायपुर : छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों की यात्रा की तैयारी कर रहे पर्यटकों के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने साइबर ठगी को लेकर अलर्ट जारी किया है। पर्यटन स्थलों और ठहरने की सुविधाओं की ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर कुछ अनधिकृत वेबसाइट, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और संदिग्ध लिंक के जरिए लोगों को भ्रमित किए जाने की आशंका जताई गई है।
पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों से अपील की है कि होटल, पर्यटन आवास, टूर पैकेज अथवा अन्य पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग के लिए केवल अधिकृत और विश्वसनीय माध्यमों का इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट या सोशल मीडिया पेज पर भरोसा कर ऑनलाइन भुगतान करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच जरूर करें।
बोर्ड के अनुसार साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के नाम और लोगो के साथ पर्यटन स्थलों की तस्वीरों तथा प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर फर्जी बुकिंग का झांसा दे सकते हैं। कम कीमत में होटल या टूर पैकेज उपलब्ध कराने का लालच देकर पहले भुगतान कराया जा सकता है और रकम मिलने के बाद ठग संपर्क से बाहर हो सकते हैं।
पर्यटकों को विशेष रूप से ऐसे ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी गई है, जिनमें बाजार की तुलना में बेहद कम कीमत बताई जाए, तत्काल भुगतान का दबाव बनाया जाए या निजी बैंक खाते अथवा अनजान UPI पर रकम भेजने के लिए कहा जाए। सोशल मीडिया के जरिए बुकिंग कराने वाले अनजान अकाउंट, मोबाइल नंबर और लिंक पर भी बिना सत्यापन के भुगतान नहीं करने की अपील की गई है।
पर्यटन बोर्ड ने कहा है कि किसी वेबसाइट, लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज की प्रामाणिकता को लेकर संदेह होने पर भुगतान करने से पहले बोर्ड से जानकारी प्राप्त करें। पर्यटकों को यात्रा और बुकिंग से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन:
📞 +91-7714224600
📞 18001026415
पर्यटन बोर्ड ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर होने वाली संभावित साइबर ठगी से बचा जा सकता है। किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि करना जरूरी है।


कोई टिप्पणी नहीं