• बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने आरोपी से 28 पत्तों में रखी Alprazolam टेबलेट, मोबाइल और बाइक सहित करीब 2.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की ...
• बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने आरोपी से 28 पत्तों में रखी Alprazolam टेबलेट, मोबाइल और बाइक सहित करीब 2.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की :
जगदलपुर : बस्तर पुलिस ने अवैध प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से Alprazolam की 28 पत्तियों में कुल 420 नशीली टेबलेट जब्त की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 68 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बादल नाग उर्फ टिन्नी, पिता अनिल नाग, उम्र 20 वर्ष, निवासी दंतेश्वरी वार्ड, बैला बाजार, जगदलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस को 29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 17 KU 6721 से ओडिशा की ओर से अड़ावाल मार्ग होते हुए जगदलपुर की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर बोधघाट थाना पुलिस ने ओडिशा रोड स्थित मुस्कान पेट्रोल पंप के पास जांच अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी लेने पर उसके पास रखे झोले से 28 पत्तियों में 420 नग Alprazolam टेबलेट बरामद हुई। आरोपी के पास से एक पुराना Oppo कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखने, परिवहन करने और बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
जब्त सामग्री में नशीली टेबलेट की कीमत करीब 1.68 लाख रुपये, मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2.08 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। बोधघाट थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग और सुनील मनहर, तथा आरक्षक युवराज ठाकुर और दीपक मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया।


कोई टिप्पणी नहीं