• कमिश्नर ने पात्र हितग्राहियों की पोर्टल एंट्री पूरी करने, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और भोपालपट्टनम में रिकॉर्ड रूम को सुरक्षित बना...
• कमिश्नर ने पात्र हितग्राहियों की पोर्टल एंट्री पूरी करने, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और भोपालपट्टनम में रिकॉर्ड रूम को सुरक्षित बनाने के दिए निर्देश :
जगदलपुर/बीजापुर : बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने बीजापुर जिले के प्रवास के दौरान कलेक्टोरेट के इंद्रावती सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ‘बस्तर मुन्ने’ के तहत 100 प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने तथा सभी पात्र हितग्राहियों की पोर्टल में एंट्री पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, बीवीजी रामजी कार्ड, श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री आवास सहित ‘बस्तर मुन्ने’ के तहत चिन्हित 31 सेवाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सैचुरेशन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कमिश्नर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया। जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, वनाधिकार पत्र, वनाधिकार मान्यता पत्रों के फौती-नामांतरण, अवैध अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले से बाहर प्रवासित बीजापुर के नागरिक वापस लौटते हैं तो उनकी पात्रता के अनुसार उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि उन्हें दोबारा मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
भोपालपट्टनम में कार्यालयों का निरीक्षण
कमिश्नर डोमन सिंह ने दूरस्थ क्षेत्र भोपालपट्टनम पहुंचकर एसडीएम, तहसील सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, राजस्व प्रकरणों और अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया।
तहसील के रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अभिलेखों के सुरक्षित और व्यवस्थित रख-रखाव पर जोर दिया। उन्होंने रिकॉर्ड रूम को निर्वाचन के स्ट्रांग रूम की तर्ज पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भू-स्वामियों के रिकॉर्ड और महत्वपूर्ण राजस्व अभिलेख सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने प्रस्तावित भू-अर्जन क्षेत्र में भूमि क्रय-विक्रय पर नियमानुसार कार्रवाई करने, अवार्ड पारित हो चुके भू-अर्जन प्रकरणों में राजस्व अभिलेखों का समय पर दुरुस्तीकरण करने तथा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण कर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग की भी समीक्षा
कमिश्नर ने जनपद पंचायत भोपालपट्टनम का निरीक्षण कर ई-ऑफिस के संचालन की स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड स्रोत समन्वयक कार्यालय का निरीक्षण कर पंजियों और अभिलेखों के संधारण की जानकारी ली।
उन्होंने स्कूली बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक और गणवेश की उपलब्धता, मध्यान्ह भोजन एवं न्यौता भोज की स्थिति की जानकारी ली। एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान लक्षित बच्चों और माताओं को समेकित बाल विकास सेवाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि कार्यालयीन व्यवस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। आम जनता से जुड़े मामलों के निराकरण को प्राथमिकता देते हुए बेहतर लोक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।



कोई टिप्पणी नहीं