• बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने किया एकदिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शन, सुशील मौर्य बोले- 21वीं सदी में छुआछूत की सोच बेहद शर्मनाक : जगदलपुर : छ...
• बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने किया एकदिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शन, सुशील मौर्य बोले- 21वीं सदी में छुआछूत की सोच बेहद शर्मनाक :
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में एकदिवसीय जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन एवं सत्याग्रह किया गया।
कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना को संविधान की मूल भावना, सामाजिक समानता, समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जातिगत भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता को आधुनिक भारत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
‘शुद्धिकरण’ की घटना को लेकर कांग्रेस ने जताया विरोध
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि 21वीं सदी में छुआछूत की सोच बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और दलित समाज से आने वाले शीर्ष नेता की जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना केवल उनका नहीं, बल्कि दलित, वंचित और शोषित वर्गों का अपमान है।
मौर्य ने मांग की कि कथित घटना को अंजाम देने वाले संगठन सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
जाति के आधार पर भेदभाव को बताया संविधान का अपमान
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसकी उपस्थिति को ‘अशुद्ध’ मानना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना करोड़ों दलितों, वंचितों और संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिकों की भावनाओं से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार दिया है। ऐसे में जाति के आधार पर किसी व्यक्ति को कमतर समझना या उसके स्पर्श अथवा उपस्थिति को अशुद्ध मानना सामाजिक एवं संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है।
‘दलितों के सम्मान और स्वाभिमान से भी सरोकार हो’
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि भाजपा को दलितों के वोट से प्रेम है, लेकिन दलित समाज के सम्मान और स्वाभिमान से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कथित शुद्धिकरण की घटना की निंदा करते हुए संबंधित संगठनों और सरकार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी व्यक्ति के पद, विचार या राजनीतिक दल से असहमति हो सकती है, लेकिन जाति के आधार पर किसी का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी रामशंकर राव, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, पूर्व सभापति कविता साहू, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र परिहार, महामंत्री अभिषेक नायडू, सुभाष गुलाटी, विजय सिंह, प्रशांत जैन, नीतीश शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, संतोष सेठिया, फूलसिंह बघेल, रविशंकर तिवारी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, राजेंद्र पटवा, प्रणयशील, भोजराज नाग, लखेश्वर कश्यप, अपर्णा बाजपेयी, विजेंद्र ठाकुर, मीडिया प्रभारी शादाब अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



कोई टिप्पणी नहीं