"जिला खनिज न्यास निधि से होगा संचालन, चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा ₹15,000 प्रतिमाह मानदेय" "नारायणपुर के 10 सरकारी स्कूलो...
"जिला खनिज न्यास निधि से होगा संचालन, चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा ₹15,000 प्रतिमाह मानदेय"
"नारायणपुर के 10 सरकारी स्कूलों में स्पोकन इंग्लिश शिक्षकों की भर्ती, 16 जुलाई तक करें आवेदन"
नारायणपुर, 6 जुलाई 2026।
जिले के शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार का एक अच्छा अवसर सामने आया है। जिला खनिज न्यास निधि (DMF) के अंतर्गत कलेक्टर की स्वीकृति के बाद नारायणपुर जिले के 10 शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्पोकन इंग्लिश कक्षाओं के संचालन के लिए स्पोकन इंग्लिश शिक्षक के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस संबंध में जिला शिक्षा विभाग द्वारा पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, चयनित शिक्षकों की नियुक्ति स्पोकन इंग्लिश कक्षाओं के संचालन के लिए की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों की अंग्रेजी बोलने एवं संप्रेषण क्षमता को बेहतर बनाया जा सके। यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
"शैक्षणिक योग्यता"
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से अंग्रेजी विषय में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी ने कक्षा 6वीं से लेकर स्नातक तक की संपूर्ण शिक्षा अंग्रेजी माध्यम से प्राप्त की हो।
"मिलेगा ₹15,000 प्रतिमाह मानदेय"
चयनित अभ्यर्थियों को ₹15,000 प्रतिमाह एकमुश्त मानदेय प्रदान किया जाएगा। नियुक्ति निर्धारित शर्तों एवं नियमों के अनुसार की जाएगी।
"16 जुलाई तक करें आवेदन"
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज एवं स्वप्रमाणित छायाप्रतियां संलग्न कर 16 जुलाई 2026 तक कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला नारायणपुर के पते पर केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सीधे कार्यालय में जमा किए गए अथवा कोरियर के माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन भी निरस्त माने जाएंगे।
"वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी"
भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, आवेदन प्रारूप एवं अन्य आवश्यक जानकारी नारायणपुर जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पूर्व सभी पात्रता एवं शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की अपील की गई है।



कोई टिप्पणी नहीं