"कमिश्नर डोमन सिंह ने संभाग के सातों जिलों के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा" ज...
"कमिश्नर डोमन सिंह ने संभाग के सातों जिलों के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा"
जगदलपुर, 3 जुलाई 2026।(रोमेश नामदेव) बस्तर संभाग के समग्र विकास, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्टर कार्यालय स्थित प्रेरणा सभाकक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता बस्तर संभाग के कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने की।
बैठक में बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा वन मंडलाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान संभाग के विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक गतिविधियों तथा नवाचारों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में निवर्तमान पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री सुंदरराज पी. तथा नव पदस्थ आईजी श्री बद्रीनारायण मीणा का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने श्री सुंदरराज पी. के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक समन्वय के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की। वहीं नव पदस्थ आईजी श्री बद्रीनारायण मीणा का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
समीक्षा बैठक के दौरान सभी जिलों के अधिकारियों ने अपने-अपने जिले का परिचय प्रस्तुत करते हुए स्थानीय परिस्थितियों, प्रशासनिक प्राथमिकताओं, विकास कार्यों की प्रगति, नवाचारों तथा राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचना, वन संरक्षण, पेयजल, आजीविका संवर्धन और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की स्थिति से भी अवगत कराया।
कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विकास कार्यों में गति लाने, नवाचारों को बढ़ावा देने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा की गई।






कोई टिप्पणी नहीं