• अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिक्षकों और छात्रों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, नियमित योग अपनाने का लिया संकल्प : जगदलपुर : अंतरराष्ट्रीय य...
• अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिक्षकों और छात्रों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, नियमित योग अपनाने का लिया संकल्प :
जगदलपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बस्तर जिले के ग्रामीण अंचलों और शैक्षणिक संस्थानों में योग के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। विकासखंड जगदलपुर के अंतर्गत संकुल केंद्र बाबूसेमरा और ग्राम चिलकुटी के विद्यालयों में योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ग्राम चिलकुटी स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में सुबह विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान बच्चों को योग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली का आधार है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के लाभ बताते हुए कहा गया कि योग से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, स्मरण शक्ति मजबूत होती है और मौसमी बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है। बच्चों को प्रतिदिन कम से कम 15 से 20 मिनट योग करने का संकल्प भी दिलाया गया।
इसी क्रम में संकुल केंद्र बाबूसेमरा में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। संकुल के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली और बढ़ते मानसिक तनाव के बीच योग स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम है। विशेष रूप से विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
आयोजकों ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज और जागरूक पीढ़ी का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश भी प्रसारित किया गया।


कोई टिप्पणी नहीं