" सांसद महेश कश्यप और विधायक विनायक गोयल ने किया भूमिपूजन, कहा- जनजातीय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा विद्यालय" जगद...
" सांसद महेश कश्यप और विधायक विनायक गोयल ने किया भूमिपूजन, कहा- जनजातीय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा विद्यालय"
जगदलपुर। बस्तर अंचल में शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात जुड़ने जा रही है। तोकापाल विकासखंड के ग्राम सालेपाल में 32 करोड़ 83 लाख 75 हजार रुपये की लागत से बनने वाले 480 सीटर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का भूमिपूजन शुक्रवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के जनजातीय विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद Mahesh Kashyap तथा चित्रकोट विधायक Vinayak Goyal शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का बस्तरिया परंपरा के अनुसार आत्मीय स्वागत किया। सांसद एवं विधायक ने मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के तेलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
"जनजातीय बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव : महेश कश्यप"
सांसद महेश कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर के अंतिम छोर तक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सालेपाल में बनने वाला यह एकलव्य विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनजातीय बच्चों के सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के दूरस्थ अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसर और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की है। इस विद्यालय के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, छात्रावास, खेलकूद एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना पाएंगे।
"शिक्षा के क्षेत्र में आएगी नई क्रांति : विनायक गोयल"
चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सालेपाल में बनने वाला यह भव्य विद्यालय पूरे क्षेत्र के लिए शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा। 480 विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस आवासीय विद्यालय में छात्रों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कार्य कर रही है। यह विद्यालय आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति साबित होगा।
"बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और ग्रामीण"
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, सदस्य कामदेव बघेल, पदमनी कश्यप, जनपद अध्यक्ष रामबती भंडारी, उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी, यौगेन्द्र कौशिक, बाबुल नाग, सुरेश गुप्ता, चन्द्रकांत भंडारी, जीवनाथ मौर्य, मुन्ना कश्यप, कमल ठाकुर, विश्वनाथ कश्यप, रतुराम पोडियामी, सुरेश यादव, मासो पोडियामी, बसंती कश्यप, सुमित्रा कश्यप, सरिता भोयर एवं बंडकु बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में विद्यालय निर्माण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे बस्तर के शैक्षिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।








कोई टिप्पणी नहीं