"1 जून को होगा उप निर्वाचन मतदान, प्रशासन ने राजनीतिक दलों के साथ साझा किया पूरा चुनाव कार्यक्रम" :- 11 मई से शुरू होगी नामांकन प्...
"1 जून को होगा उप निर्वाचन मतदान, प्रशासन ने राजनीतिक दलों के साथ साझा किया पूरा चुनाव कार्यक्रम"
:- 11 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, 1 जून को मतदान
:- आदर्श आचरण संहिता लागू, निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन सख्त
:- 4 जून को होगी मतगणना और परिणामों की घोषणा
जगदलपुर, 09 मई। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन की घोषणा के बाद जिले में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा के निर्देशानुसार उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी उप निर्वाचन कार्यक्रम एवं निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 11 मई को निर्वाचन अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। अभ्यर्थी 18 मई तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की कार्यवाही की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जिले में 1 जून को मतदान कराया जाएगा, जबकि 4 जून को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावी हो गई है और इसके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री तिवारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचरण संहिता का पालन सुनिश्चित करना सभी दलों की जिम्मेदारी है। प्रशासन द्वारा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।


कोई टिप्पणी नहीं