"ऑनलाइन दवा बिक्री और अवैध ई-फार्मेसी पर रोक की मांग, कैमिस्ट संघ ने कलेक्टर व IMA को सौंपा ज्ञापन" जगदलपुर। बस्तर जिला कैमिस्ट ...
"ऑनलाइन दवा बिक्री और अवैध ई-फार्मेसी पर रोक की मांग, कैमिस्ट संघ ने कलेक्टर व IMA को सौंपा ज्ञापन"
जगदलपुर। बस्तर जिला कैमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने देशभर में प्रस्तावित दवा व्यापार बंद के समर्थन में 20 मई को जगदलपुर की सभी दवा दुकानों को बंद रखने की घोषणा की है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) को ज्ञापन सौंपकर समर्थन की अपील की।
संघ ने बताया कि यह आंदोलन ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ कैमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर किया जा रहा है, जिसमें देशभर के लगभग 12.40 लाख कैमिस्ट एवं दवा विक्रेता शामिल होंगे। लंबे समय से ऑनलाइन दवा बिक्री और अवैध ई-फार्मेसी संचालन के खिलाफ आवाज उठाए जाने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से दवा व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कैमिस्ट संघ का आरोप है कि बिना उचित नियंत्रण के संचालित ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। ऑनलाइन माध्यम से बिना डॉक्टर के वैध प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की बिक्री, नकली या अप्रमाणित पर्चों का इस्तेमाल, एंटीबायोटिक दवाओं की अनियंत्रित उपलब्धता और फार्मासिस्ट एवं मरीज के बीच प्रत्यक्ष संवाद की कमी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
संघ ने यह भी कहा कि बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स द्वारा भारी छूट और प्रिडेटरी प्राइसिंग नीति अपनाए जाने से छोटे और मध्यम स्तर के दवा विक्रेताओं की आजीविका प्रभावित हो रही है। इससे पारंपरिक दवा व्यापार संकट में है और हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है।
ज्ञापन में संघ ने केंद्र सरकार से अवैध ई-फार्मेसी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, 20 अगस्त 2018 की अधिसूचना एस.ओ. 817(ई) और वर्ष 2020 की अधिसूचना एस.ओ. 22(ई) को वापस लेने तथा दवाओं पर दी जा रही अनियंत्रित छूट और मूल्य निर्धारण नीति पर रोक लगाने की मांग की है।
बस्तर जिला ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने आम जनता से भी 20 मई के दवा व्यापार बंद को समर्थन देने की अपील की है। संघ का कहना है कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और दवा वितरण व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इस दौरान संघ के अध्यक्ष प्रशांत पाण्डे, सचिव सतीश शुक्ला, कोषाध्यक्ष रोहित महापात्र, उपाध्यक्ष अशद खान, महताब रिजवी, दीपक पाण्डे, पीआरओ योगेश तिवारी, सह सचिव दिनेश पाण्डे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं