जगदलपुर : बस्तर संभाग में नवाचार, स्टार्टअप, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में ...
जगदलपुर : बस्तर संभाग में नवाचार, स्टार्टअप, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में दो दिवसीय “इनोवेशन महाकुंभ 1.0” का आयोजन आज सुबह 9 बजे से शुरू हो चुका है। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल श्री रमेन डेका की अध्यक्षता में होगा।
इस आयोजन में बस्तर सहित विभिन्न संभागों से एक हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, राजपरिवार सदस्य कमलचंद्र भंजदेव सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
स्वागत उद्बोधन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव द्वारा दिया जाएगा, जबकि कुलसचिव डॉ. राजेश लालवानी आभार व्यक्त करेंगे। इस अवसर पर पद्मश्री बुधरी ताती को सम्मानित किया जाएगा और “इनोवेशन एंड स्टार्टअप कंपेंडियम 2026 (विकसित भारत @2047)” का विमोचन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत तीन तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जिसमें देश और राज्य के विशेषज्ञ युवाओं को स्टार्टअप, उद्यमिता और नवाचार से जुड़ी जानकारी देंगे। इनमें प्रो. अनिल डी सहस्रबुद्धे, प्रो. राजीव प्रकाश, डॉ. अमित दुबे, प्रो. सत्यनारायण सेशाद्रि, सम्यक जैन, प्रो. विकास सिंह और प्रो. हुलास पाठक शामिल हैं।
शाम को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं दूसरे दिन विश्वविद्यालय के इनोवेशन एंड स्टार्टअप फाउंडेशन, टीआईई रायपुर और आई-क्रिएट के बीच एमओयू भी किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन, जनजातीय कला, वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण, हर्बल, कृषि तकनीक, एआई, एमएसएमई, बैंकिंग, मिलेट्स और स्टार्टअप से जुड़े विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां छात्र-छात्राएं स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इधर, राज्यपाल रमेन डेका तीन दिवसीय बस्तर प्रवास पर जगदलपुर पहुंच चुके हैं। सर्किट हाउस में कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी शलभ सिन्हा और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।


कोई टिप्पणी नहीं