"संवेदनशील पहल: सांसद महेश कश्यप ने ग्राम बेंगलुर की दिव्यांग राखी को भेंट की इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर" "बस्तर सांसद महेश कश्यप...
"संवेदनशील पहल: सांसद महेश कश्यप ने ग्राम बेंगलुर की दिव्यांग राखी को भेंट की इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर"
"बस्तर सांसद महेश कश्यप ने जगदलपुर के ग्राम बेंगलुर की दिव्यांग बेटी राखी को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भेंट की, जिससे उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ी।"
जगदलपुर (बस्तर)। जनसेवा और अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने एक बार फिर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। ग्राम पंचायत कैकाचेरबहार के आश्रित ग्राम बेंगलुर की निवासी दिव्यांग कुमारी राखी को सांसद द्वारा अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भेंट की गई।
इस सहायता के बाद अब राखी को अपने दैनिक कार्यों और आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास दोनों का संचार हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कुमारी राखी लंबे समय से चलने-फिरने में असमर्थ थीं, जिससे उनकी सामाजिक और व्यक्तिगत गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं। जैसे ही यह मामला सांसद के संज्ञान में आया, उन्होंने बिना विलंब सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया। सांसद ने स्वयं राखी को व्हीलचेयर की चाबी सौंपी और उसके संचालन की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और उनका प्रयास है कि बस्तर के सुदूर क्षेत्रों में रहने वाला कोई भी दिव्यांग स्वयं को असहाय महसूस न करे।
सांसद कश्यप का दिव्यांगों के प्रति यह जुड़ाव नया नहीं है। इससे पूर्व भी वे क्षेत्र के कई गांवों में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को बैटरी चालित स्कूटी, मैनुअल व्हीलचेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध करा चुके हैं। उनका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन को सरल बनाना है ताकि वे समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी कर सकें।
इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर प्राप्त करने के बाद कुमारी राखी और उनके परिजनों ने सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया। राखी ने कहा कि अब वे बिना किसी सहारे घर से बाहर निकल सकेंगी और अपने कार्यों को स्वतंत्र रूप से कर पाएंगी।
इस दौरान ग्राम पंचायत कैकाचेरबहार के सरपंच, बेंगलुर के ग्रामीणों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं