× नारायणपुर में स्वास्थ्य और जनगणना कार्यों में तेजी प्रकाशित: 02 ...
नारायणपुर में स्वास्थ्य और जनगणना कार्यों में तेजी
कलेक्टर नम्रता जैन ने ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ का लिया जायजा
नारायणपुर, 02 मई 2026: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” की जमीनी हकीकत परखने के लिए कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन लगातार सक्रिय हैं।
उन्होंने विकासखंड के ग्राम पंचायतों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण कर मरीजों के चिन्हांकन एवं जांच प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा दलों से चर्चा कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण की विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच के उपरांत मरीजों की बीमारी का सटीक विश्लेषण किया जाए तथा आवश्यकतानुसार उन्हें मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत जनसंख्या को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि गांव का कोई भी परिवार जांच से वंचित न रहे।
साथ ही, स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान हेल्थ अकाउंट (ABHA) बनाने के कार्य में तेजी लाने तथा गंभीर मरीजों के लिए त्वरित रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है और इसे प्रभावी ढंग से पूरा किया जाएगा।
जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ
नारायणपुर, 02 मई 2026: जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में प्रथम चरण का कार्य प्रारंभ हो गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा।
अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने नगरपालिका क्षेत्र के डूमरतराई और बखरूपारा में पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगणकों से चर्चा कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की जा रही सूचनाओं का अवलोकन करते हुए सटीक एवं तथ्यात्मक जानकारी संकलित करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रगणकों को प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य की योजनाओं में इन आंकड़ों का प्रभावी उपयोग हो सके।
उल्लेखनीय है कि जिले में इस कार्य के लिए 342 प्रगणक और 61 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीराम यादव, राजस्व निरीक्षक श्री भूषण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।








कोई टिप्पणी नहीं