× तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य का जायजा: अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा ने केशकाल...
तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य का जायजा: अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा ने केशकाल वन मंडल का किया निरीक्षण
कोंडागांव, 02 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन की अपर मुख्य सचिव एवं सचिव, वन विभाग श्रीमती ऋचा शर्मा ने शनिवार को केशकाल वन मंडल अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्रहण कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न फड़ों एवं समितियों का दौरा कर जमीनी स्तर पर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का सूक्ष्म अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति चिंगनार के फड़ गोहड़ा, समिति बड़ेडोंगर के फड़ ‘अ’ एवं ‘ब’, फरसगांव समिति के फड़ फरसगांव तथा बहीगांव समिति अंतर्गत फड़ मस्सूकोकोड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान तेंदूपत्ता की गुणवत्ता, गड्डियों की संख्या तथा संग्रहण प्रक्रिया की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
अपर मुख्य सचिव ने मौके पर उपस्थित फड़ मुंशी, अभिरक्षक, प्रबंधक एवं पोषक अधिकारियों से चर्चा करते हुए कार्यों की स्थिति जानी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।
इस निरीक्षण में राज्य लघु वनोपज संघ रायपुर की अपर प्रबंध संचालक श्रीमती संजीता गुप्ता, कैम्पा रायपुर के संयुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री लक्ष्मण सिंह, कांकेर वन वृत्त के मुख्य वन संरक्षक श्री राजेश कुमार चंदेले सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वनोपज सहकारी संघ मर्यादित केशकाल के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य 28,500 मानक बोरा के मुकाबले अब तक 8,657.545 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी की जा चुकी है। संग्रहण कार्य निरंतर जारी है और भुगतान की प्रक्रिया सॉफ्टवेयर के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है।
निरीक्षण के पश्चात अधिकारियों ने केशकाल परिक्षेत्र के गोब्राहीन स्थित प्राचीन शिवलिंग का दर्शन किया तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर बल दिया।
यह निरीक्षण न केवल तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा, बल्कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी मजबूती प्रदान करने वाला साबित हुआ।






कोई टिप्पणी नहीं