" फेसबुक पोस्ट को लेकर बढ़ा विवाद, भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के खिलाफ की शिकायत, पुलिस ने शुरू की ज...
"फेसबुक पोस्ट को लेकर बढ़ा विवाद, भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के खिलाफ की शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच"
जगदलपुर :शहर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर की गई एक पोस्ट को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य के खिलाफ सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नारीशक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित एक फेसबुक पोस्ट पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की गई है, जो महिलाओं की गरिमा और सम्मान के खिलाफ है। इस मामले को गंभीर बताते हुए महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष माहेश्वरी ठाकुर ने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर इस प्रकार की भाषा का उपयोग न केवल अनुचित है, बल्कि यह समाज में महिलाओं के प्रति गलत संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि नारीशक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, ऐसे में इससे जुड़े विषयों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सिटी कोतवाली पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। महिला कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
इधर, मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की सामग्री का परीक्षण किया जा रहा है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद शहर में राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी की संभावना जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।




कोई टिप्पणी नहीं