बीजापुर : राज्य शासन द्वारा जिले में 5-7 वर्ष एवं 15-17 वर्ष आयु वर्ग के लंबित आधार अपडेट कार्यों को पूर्ण करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया...
बीजापुर : राज्य शासन द्वारा जिले में 5-7 वर्ष एवं 15-17 वर्ष आयु वर्ग के लंबित आधार अपडेट कार्यों को पूर्ण करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी के तहत कलेक्टर बीजापुर के निर्देशानुसार शिक्षा विभाग के समन्वय से विद्यालयों में नवीन आधार पंजीकरण एवं अपडेट शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी बीच इन शिविरों को लेकर यह भ्रांतिपूर्ण जानकारी प्रसारित की जा रही है कि सभी प्रकार के आधार अपडेट निःशुल्क हैं, जिसे प्रशासन ने तथ्यहीन बताया है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नियमानुसार नवीन आधार पंजीकरण सभी आयु वर्ग के लिए हमेशा निःशुल्क है। वहीं, केवल 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष की आयु में पहली बार कराया जाने वाला बायोमेट्रिक अपडेट ही निःशुल्क होता है। इस संबंध में 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितम्बर 2026 तक विशेष छूट भी प्रदान की गई है। निर्धारित आयु सीमा में दूसरी बार या छूट अवधि के बाद आधार अपडेट कराने पर निर्धारित शुल्क देय होगा। इसके तहत बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये, डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 75 रुपये तथा दस्तावेज अपडेट के लिए 75 रुपये निर्धारित किए गए हैं। उक्त जानकारी जिला ई- गवर्नेंस सोसाइटी बीजापुर प्रभारी अधिकारी द्वारा दी गई है।


कोई टिप्पणी नहीं