बीजापुर (भूषण सेठिया) : जिले के आवापल्ली स्थित जनपद पंचायत सभाकक्ष में उसूर ब्लॉक के समस्त उचित मूल्य दुकान संचालकों एवं विक्रेताओं की समीक्...
बीजापुर (भूषण सेठिया) : जिले के आवापल्ली स्थित जनपद पंचायत सभाकक्ष में उसूर ब्लॉक के समस्त उचित मूल्य दुकान संचालकों एवं विक्रेताओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल ने की। इस दौरान सहायक खाद्य अधिकारी सहित समस्त खाद्य निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई। चावल उत्सव के सफल क्रियान्वयन, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने, डीडी प्रक्रिया, ट्रैक्टर के माध्यम से भंडारण एवं वितरण प्रणाली, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी की प्रगति तथा जर्जर भवनों की स्थिति जैसे मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
अपर कलेक्टर अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विक्रेता वितरण व्यवस्था को पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता के साथ संचालित करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। उन्होंने विशेष रूप से आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान विक्रेताओं द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे।
अंत में सभी उपस्थितों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कर्तव्यनिष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया, जिससे वितरण प्रणाली और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बन सके।



कोई टिप्पणी नहीं