जगदलपुर, 14 अप्रैल 2026। बस्तर जिले के जनपद पंचायत जगदलपुर परिसर में संचालित ‘बिहान कैंटीन’ इन दिनों महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का सश...
जगदलपुर, 14 अप्रैल 2026।
बस्तर जिले के जनपद पंचायत जगदलपुर परिसर में संचालित ‘बिहान कैंटीन’ इन दिनों महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का सशक्त उदाहरण बनकर उभर रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत स्थापित इस कैंटीन का संचालन ग्राम पंडरीपानी-1 के श्री साईं महिला स्व-सहायता समूह की पांच महिलाओं द्वारा सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
समूह की अध्यक्ष श्रीमती सुमिता पटनायक एवं सचिव रीता पंडा के नेतृत्व में संचालित यह कैंटीन महज दो माह के भीतर ही अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सफल रही है। जनपद परिसर आड़ावाल में स्थित इस कैंटीन का शुभारंभ 25 फरवरी 2026 को जनपद पंचायत जगदलपुर के अध्यक्ष पदलाम नाग द्वारा किया गया था।
कैंटीन में उपलब्ध व्यंजनों की गुणवत्ता और स्वाद ने इसे तेजी से लोकप्रिय बना दिया है। यहां स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ दक्षिण भारतीय पकवान भी किफायती दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे यह स्थान आम नागरिकों के साथ-साथ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की भी पहली पसंद बन गया है।
बढ़ती मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब जनपद एवं जिला स्तर की बैठकों में चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था भी इसी महिला समूह के माध्यम से की जा रही है।
आर्थिक रूप से भी यह पहल महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रही है। कैंटीन के संचालन के शुरुआती चरण में फरवरी माह में 6,200 रुपये की आय हुई थी, जो मार्च में बढ़कर 18,320 रुपये तक पहुंच गई। वहीं अप्रैल माह के पहले 10 दिनों में ही 11,400 रुपये की आमदनी दर्ज की गई है। इस प्रकार अब तक कुल आय 35,920 रुपये हो चुकी है।
‘बिहान कैंटीन’ की यह सफलता न केवल संबंधित महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत कर रही है।



कोई टिप्पणी नहीं