बिलासपुर में राशन घोटाला: 54 लाख की धांधली, NSUI के पूर्व जिलाध्यक्ष सहित 16 लोगों को नोटिस, FIR की चेतावनी: बिलासपुर : शहर में सरकारी रा...
बिलासपुर में राशन घोटाला: 54 लाख की धांधली, NSUI के पूर्व जिलाध्यक्ष सहित 16 लोगों को नोटिस, FIR की चेतावनी:
बिलासपुर : शहर में सरकारी राशन व्यवस्था को लेकर एक बड़ा घोटाला सामने आया है। जिले की पांच शासकीय उचित मूल्य दुकानों में लगभग ₹54.28 लाख के चावल, शक्कर और नमक की भारी गड़बड़ी उजागर हुई है। खाद्य विभाग की जांच में यह खुलासा हुआ कि यह खाद्यान्न न तो हितग्राहियों तक पहुंचा और न ही विभाग को लौटाया गया।
जांच के बाद विभाग ने NSUI के पूर्व जिलाध्यक्ष अमितेश राय, पार्षद पति जुगल किशोर गोयल समेत कुल 16 लोगों को नोटिस जारी किया है। आरोपियों को निर्देश दिया गया है कि वे या तो तुरंत खाद्यान्न अथवा उसकी राशि विभाग को लौटाएं, अन्यथा उनके खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, यह अनियमितता लंबे समय से चल रही थी, लेकिन हाल ही में विभाग की सतर्कता और रिकॉर्ड जांच के चलते इसका भंडाफोड़ हुआ। बताया जा रहा है कि अफसरों ने विभिन्न दुकानों से रिकॉर्ड की तुलना की, जिसमें भारी अंतर पाया गया। कई स्थानों पर वितरण का कोई पुख्ता सबूत भी नहीं मिला।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नोटिस दिए जाने के बाद भी अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो नियमानुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इस घोटाले में कुछ राजनीतिक चेहरों का नाम सामने आने से मामले ने और भी तूल पकड़ लिया है।
जनता और प्रशासन की नजर अब इस पर टिकी है कि क्या आरोपी राशन लौटाते हैं या फिर यह मामला जल्द ही अदालत की चौखट तक पहुंचेगा।
बिलासपुर की जनता अब पारदर्शिता और न्याय की मांग कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं