जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, उत्कृष्ट काम पर पुरस्कार – कमजोर प्रदर्शन पर दंड अंबिकापुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने म...
जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, उत्कृष्ट काम पर पुरस्कार – कमजोर प्रदर्शन पर दंड
अंबिकापुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को अंबिकापुर में सरगुजा, बलरामपुर और जशपुर जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सुशासन तिहार के तीसरे चरण की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी कार्यों में अनावश्यक देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, "अधिकारियों को मामलों के निराकरण में गंभीरता लानी होगी। पेशियों में बार-बार तारीख देना अब बंद करें। जनता को समय पर न्याय और योजनाओं का लाभ मिले, यह हमारी प्राथमिकता है।" उन्होंने निर्देश दिए कि जनहित की योजनाओं को मिशन मोड में क्रियान्वित किया जाए और समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो।
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो अधिकारी बेहतर काम करेंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि कमजोर प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं की सफलता में प्रशासनिक प्रतिबद्धता आवश्यक है।
मुख्यमंत्री की इस चेतावनी को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और आश्वासन दिया कि वे जनकल्याण के कार्यों में पूरी निष्ठा से जुटेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं