5 नवंबर 2026 | दंतेवाड़ा में दीपावली को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। 13...
5 नवंबर 2026 | दंतेवाड़ा में दीपावली को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। 13 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए।

- दंतेवाड़ा में दीपावली को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों का सघन निरीक्षण
- 30 अक्टूबर और 03 नवंबर 2026 को कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए
- जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई होगी
दंतेवाड़ा जिले में दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों का सघन निरीक्षण किया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ ने अवमानक, मिथ्याछाप और गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इन निर्देशों के पालन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 30 अक्टूबर 2026 को दंतेवाड़ा स्थित मोहसिन ट्रेडर्स से देशी गाय घी, फॉर्च्यून बेसन और भगवती तुअर दाल के विधिक नमूने लिए। वहीं श्रीमूल देशी गाय घी का निगरानी नमूना लिया गया। देवभोग स्वीट्स से सफेद पेड़ा का विधिक नमूना संकलित किया गया।
अंवराभाटा स्थित अम्बे बिकानेर स्वीट्स से कलाकंद और महालक्ष्मी नमकीन मिक्सचर के विधिक नमूने लिए गए। इसके अलावा आम पापड़ रोल, चॉकलेट बर्फी और श्री बालाजी बेकरी टोस्ट के निगरानी नमूने संकलित किए गए।
03 नवंबर 2026 को बड़े बचेली स्थित कन्हैया लाल एंड संस से एवरेस्ट गरम मसाला (मिश्रित मसाला पाउडर) और किंग्स रिफाइंड सोयाबीन तेल के निगरानी नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम, 2011 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार जिले के सभी खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों का सतत निरीक्षण जारी है। इस दौरान गुणवत्ताहीन और कालातीत खाद्य पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई भी की जा रही है। त्योहारी अवधि में निरीक्षण और नमूना संकलन लगातार जारी रहेगा।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़

कोई टिप्पणी नहीं