Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

बस्तर के युवाओं को बस्तर के ही मेडिकल कॉलेज में पढ़ने का मिल रहा अवसर: विश्व विजय

• ‘युवा उड़ान 2026’ में करीब 1000 युवाओं ने लिया हिस्सा, करियर, शिक्षा, कौशल, साइबर सुरक्षा और भविष्य की संभावनाओं पर हुआ संवाद : जगदलपुर :...

‘युवा उड़ान 2026’ में करीब 1000 युवाओं ने लिया हिस्सा, करियर, शिक्षा, कौशल, साइबर सुरक्षा और भविष्य की संभावनाओं पर हुआ संवाद :

जगदलपुर : बस्तर के युवाओं को करियर के लिए मार्गदर्शन देने, लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को स्व. बलिराम कश्यप शासकीय मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में करीब 1000 युवाओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर संजय पांडेय, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों ने रिसोर्स पर्सन के रूप में युवाओं को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया।


बस्तर के युवाओं को स्थानीय स्तर पर मिल रहे अवसर : विश्व विजय

अपने संबोधन में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने दंतेवाड़ा में शुरू हुए मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि आज बस्तर के युवाओं को बस्तर के ही मेडिकल कॉलेज में अध्ययन करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवा शक्ति को विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला मानकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है।

विश्व विजय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और बस्तर के युवा अराजक नहीं, बल्कि सृजनशील हैं। युवाओं को दिग्भ्रमित होने से बचना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि एमबीबीएस की सीटों में बढ़ोतरी हुई है और मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम तथा एम्स जैसे संस्थानों की संख्या भी बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और युवाओं को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए नौकरी तथा प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।


लक्ष्य तय करने के साथ उसे पाने की योजना भी बनाएं : कलेक्टर

कलेक्टर आकाश छिकारा ने युवाओं से अपने भविष्य को लेकर सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ करने के लिए लक्ष्य तय करने के साथ उसे हासिल करने की योजना भी बनानी चाहिए। कलेक्टर ने युवाओं को सबसे पहले एक अच्छा नागरिक बनने का प्रयास करने की बात कही।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना ने कहा कि युवाओं को अपनी राय और विचार विकसित करने के लिए अलग-अलग विचारों को समझने और उनसे सीखने का प्रयास करना चाहिए।

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने युवाओं को बस्तर की आवाज बताते हुए कहा कि क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए युवाओं को आगे आने की आवश्यकता है।


शिक्षा, कौशल और इनोवेशन पर जोर

रिसोर्स पर्सन प्रो. मणिशंकर मिश्रा ने कहा कि किसी देश के विकास में युवा आबादी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा को कौशल से जोड़ने पर जोर दिया।

डॉ. समीर ठाकुर ने ‘विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ में युवाओं की भूमिका’ विषय पर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से नेशन फर्स्ट की भावना के साथ आगे बढ़ने और AI, इनोवेशन तथा मेक इन इंडिया में योगदान देने की अपील की।

डॉ. विनय प्रताप सिंह ने युवाओं को शिक्षा, कौशल, डिजिटलीकरण और हरित प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।


‘एक देश-एक चुनाव’ पर भी चर्चा

कार्यक्रम में ‘एक देश-एक चुनाव’ विषय पर भी युवाओं को जानकारी दी गई। डॉ. भुनेश्वर लाल साहू ने इस व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार के प्रयासों और गठित समिति के कार्यों की जानकारी साझा की। वहीं डॉ. सियालाल नाग ने चुनावी चक्र को एक साथ करने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।


साइबर अपराध से बचने किया जागरूक

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुखनंदन राठौर ने युवाओं को साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने PIN, पासवर्ड और OTP किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक नहीं खोलने, अपनी पहचान संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने और अनजान लोगों से ऑनलाइन चैटिंग में सावधानी बरतने की अपील की।

उन्होंने साइबर अपराध होने की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं से विभिन्न विषयों पर सुझाव भी लिए गए। आयोजकों के अनुसार, उपयोगी सुझावों को राष्ट्रीय नीति में शामिल करने के लिए आगे भेजा जाएगा। सुझाव देने वाले युवाओं को युवा आयोग की ओर से उपहार भी दिए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रियंका वैद्य एवं उनकी टीम ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राज्य गीत की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, विभिन्न विद्यालयों एवं कॉलेजों के प्राध्यापक और छात्र-छात्राओं सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

Girl in a jacket