• 3 किलोमीटर दूरी, बुजुर्गों की परेशानी और राशन वितरण में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने की नई दुकान खोलने की मांग : जगदलप...
• 3 किलोमीटर दूरी, बुजुर्गों की परेशानी और राशन वितरण में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने की नई दुकान खोलने की मांग :
जगदलपुर : विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मरेठा के आश्रित पारा सरगीगुड़ा के ग्रामीणों ने अलग से नया राशन दुकान खोलने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और क्षेत्र की राशन व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत मरेठा के आश्रित पारा सरगीगुड़ा की कुल आबादी लगभग 850 है, जबकि यहां करीब 200 राशन कार्डधारी परिवार हैं। वर्तमान में राशन लेने के लिए ग्रामीणों को लगभग 3 किलोमीटर दूर मरेठा राशन दुकान जाना पड़ता है, जिससे विशेषकर वृद्ध महिला एवं पुरुष हितग्राहियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि मरेठा राशन दुकान में अधिक भीड़ रहने के कारण भी हितग्राहियों को असुविधा होती है। उन्होंने दोनों पारों के बीच आपसी मतभेद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इसके कारण सरगीगुड़ा के कई हितग्राही नियमित रूप से मरेठा स्थित राशन दुकान नहीं पहुंच पाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 80 प्रतिशत हितग्राही इस समस्या से प्रभावित हैं।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 31 अगस्त को खाद्य निरीक्षक बकावंड के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत पर एकपक्षीय कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों ने राशन वितरण में कथित अनियमितताओं की शिकायत भी की है। उनका आरोप है कि अगस्त 2026 में चावल वितरण के दौरान कुछ हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से 3 किलो कम चावल दिया गया। साथ ही पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद स्वादिष्ट चना, मधुर गुड़ और अमृत नमक का ऑनलाइन वितरण दर्ज होने के बाद भी सभी हितग्राहियों को इनका लाभ नहीं मिला।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में राशन दुकान संचालकों से शिकायत करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। इन सभी समस्याओं को देखते हुए सरगीगुड़ा पारा के लिए पृथक रूप से स्थायी अथवा अस्थायी राशन दुकान खोलने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की जांच कर सरगीगुड़ा के हितग्राहियों की सुविधा के लिए शीघ्र नई राशन दुकान की व्यवस्था करने की मांग की है।



कोई टिप्पणी नहीं