• 3 से 9 सितंबर तक होगी काउंसलिंग, सीटें रिक्त रहने पर प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों के लिए 10 से 15 सितंबर तक प्रक्रिया : कांकेर : मुख्य...
• 3 से 9 सितंबर तक होगी काउंसलिंग, सीटें रिक्त रहने पर प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों के लिए 10 से 15 सितंबर तक प्रक्रिया :
कांकेर : मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं, सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए तृतीय काउंसलिंग की प्रक्रिया 3 से 9 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। चयनित छात्र-छात्राओं की सूची और काउंसलिंग की तिथि से संबंधित जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पात्र विद्यार्थियों को काउंसलिंग सूची में दर्शाए गए आबंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में निर्धारित तिथि को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित होना होगा। 4 से 6 सितंबर तक शासकीय अवकाश होने के कारण इन दिनों काउंसलिंग आयोजित नहीं की जाएगी।
यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों के लिए 10 से 15 सितंबर तक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
इसी प्रकार प्रयास आवासीय विद्यालय जिला बीजापुर में बालक एवं बालिकाओं के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउंसलिंग 3 से 9 सितंबर तक प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुढ़ियारी, जनता कॉलोनी, एफसीआई गोदाम के पास, रायपुर में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। यहां भी शासकीय अवकाश के दिनों में काउंसलिंग आयोजित नहीं की जाएगी।
• काउंसलिंग के लिए आवश्यक दस्तावेज :
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इनमें:
कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी से 60 प्रतिशत उत्तीर्ण होने की अंकसूची
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र
अल्पसंख्यक वर्ग संबंधी नोटरी सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र शामिल हैं।
विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इनमें दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता की संतान, अनाथ, विधवा माता की संतान, परित्यक्ता महिला की संतान अथवा देश की रक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद पुलिस, अर्धसैनिक, सशस्त्र बल या सैनिक के बच्चे होने संबंधी प्रमाण पत्र शामिल हैं।
काउंसलिंग के बाद प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।


कोई टिप्पणी नहीं