• बस्तर के उद्यमियों के लिए 8 सितंबर को विशेष उद्यमी जागरूकता एवं वेंडर विकास कार्यक्रम, सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ने का म...
• बस्तर के उद्यमियों के लिए 8 सितंबर को विशेष उद्यमी जागरूकता एवं वेंडर विकास कार्यक्रम, सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ने का मिलेगा मंच :
जगदलपुर : बस्तर क्षेत्र के अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों को सरकारी खरीद और बड़े संस्थानों से जोड़ने के उद्देश्य से जगदलपुर में विशेष उद्यमी जागरूकता एवं वेंडर विकास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह एक दिवसीय कार्यक्रम 8 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से नगर पालिक निगम स्थित वीर सावरकर कम्युनिटी हॉल में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड के नेशनल एससी-एसटी हब कार्यालय, भुवनेश्वर द्वारा इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बस्तर जिले के मौजूदा और नए आकांक्षी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के सूक्ष्म और लघु उद्यमियों को केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा विभिन्न सरकारी विभागों के साथ सीधे जोड़ना है।
कार्यशाला के दौरान उद्यमियों को केंद्र सरकार की सार्वजनिक खरीद नीतियों, उपलब्ध व्यापारिक अवसरों, वेंडर विकास प्रक्रियाओं और मजबूत बिजनेस लिंकेज स्थापित करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य सरकारी खरीद प्रक्रियाओं में स्थानीय उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना है।
नेशनल एससी-एसटी हब, भुवनेश्वर के उप महाप्रबंधक एवं प्रभारी एसके साहा ने बस्तर जिले के सभी पात्र उद्यमियों से कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थानीय उद्यमिता को नई दिशा देने, स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने और जनजातीय एवं पिछड़े क्षेत्रों के उद्यमियों को राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम बस्तर के छोटे उद्यमियों को सरकारी संस्थानों के साथ व्यापारिक संबंध स्थापित करने और अपने उत्पादों एवं सेवाओं के लिए नए बाजार तलाशने का अवसर प्रदान करेगा।


कोई टिप्पणी नहीं