Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

छात्रावासों में अव्यवस्थाओं पर भड़के विधायक लखेश्वर बघेल, अंधेरे में पढ़ते मिले बच्चे

• बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने छात्रावासों और आश्रमों का किया निरीक्षण, सुविधाओं में कमी पर दिए सुधार के निर्देश : बकावंड। बस्तर विधानसभा ...

बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने छात्रावासों और आश्रमों का किया निरीक्षण, सुविधाओं में कमी पर दिए सुधार के निर्देश :

बकावंड। बस्तर विधानसभा क्षेत्र के छात्रावासों एवं आश्रमों में बच्चों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने बकावंड विकासखंड के विभिन्न छात्रावासों और आश्रमों का निरीक्षण किया।

विधायक ने मूली कन्या छात्रावास, पोस्ट मैट्रिक एवं प्री-मैट्रिक छात्रावास मूली तथा बालक आश्रम बारदा पहुंचकर बच्चों के रहने, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बिस्तर, कंबल, चादर और मच्छरदानी सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

रसोई पहुंचकर जांची भोजन की गुणवत्ता

मूली कन्या छात्रावास में विधायक लखेश्वर बघेल ने रसोई पहुंचकर बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और मात्रा की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और परीक्षा परिणामों के संबंध में चर्चा की। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास के कुछ कमरों की जर्जर स्थिति और पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने की समस्या सामने आई। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए।

पानी और स्वच्छता की समस्या पर जताई नाराजगी

पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में पेयजल और स्वच्छता संबंधी समस्याओं को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई। बच्चों ने बताया कि उन्हें कंबल और मच्छरदानी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हैं। वहीं कुछ मच्छरदानियों की गुणवत्ता भी खराब बताई गई।

विधायक ने स्वयं मच्छरदानियों की स्थिति का निरीक्षण किया और बच्चों को उनके सही उपयोग एवं रखरखाव की जानकारी दी। पेयजल समस्या के समाधान के लिए उन्होंने पीएचई विभाग के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अंधेरे में पढ़ते मिले बच्चे

बालक आश्रम बारदा के निरीक्षण के दौरान विधायक ने बच्चों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के अभाव में पढ़ाई करते हुए पाया। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

विधायक ने भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। 50 सीटर आश्रम में भोजन में आलू की अधिक मात्रा और मसूर दाल की सीमित मात्रा पाए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुसार बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

आश्रम अधीक्षक की अनुपस्थिति पर भी विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ छात्रावास और आश्रमों में भेजते हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी प्रबंधन की है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बच्चों की सुरक्षा और सुविधा जरूरी : लखेश्वर बघेल

विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि बच्चों को केवल शिक्षा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पढ़ाई के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि छात्रावास एवं आश्रमों में रहने वाले बच्चे समाज और क्षेत्र का भविष्य हैं। शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं उन्हें पूरी तरह और समय पर मिलनी चाहिए।

विधायक ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के भोजन, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

लखेश्वर बघेल ने कहा कि वे विधानसभा क्षेत्र के छात्रावासों और आश्रमों का लगातार निरीक्षण करते रहेंगे, ताकि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का वास्तविक लाभ बच्चों तक पहुंच सके। बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना केवल शासन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ मानसिंह कवासी, लखेश्वर कश्यप, हेमराज बघेल, जितेंद्र तिवारी, राजेश कुमार, गुप्तेश्वर मांझी सहित कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं

Girl in a jacket