• जगदलपुर निगम में मूर्ति कलाकारों की बैठक, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय कलाकारों के हितों पर हुई चर्चा : जगदलपुर : आगामी गणेशोत्सव को देखते...
• जगदलपुर निगम में मूर्ति कलाकारों की बैठक, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय कलाकारों के हितों पर हुई चर्चा :
जगदलपुर : आगामी गणेशोत्सव को देखते हुए जगदलपुर नगर पालिक निगम के सभाकक्ष में गणेश प्रतिमा कलाकारों एवं संबंधित प्रतिनिधियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में गणेश प्रतिमाओं के विक्रय, मूर्ति कलाकारों के लिए स्थान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर में घरों एवं छोटे स्तर पर स्थापित की जाने वाली गणेश प्रतिमाओं के विक्रय के लिए कृषि मंडी परिसर में स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय मूर्ति कलाकारों को प्रतिमाओं के विक्रय के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा, वहीं श्रद्धालुओं को भी एक ही स्थान पर गणेश प्रतिमाओं की खरीदी की सुविधा प्राप्त होगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रदेश के बाहर से लाई जाने वाली प्रतिबंधित प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के शहर में विक्रय पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा इस संबंध में निगरानी की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान प्रतिमा विक्रय व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय मूर्ति कलाकारों के हितों को सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर जगदलपुर महापौर संजय पांडे, निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, मेयर-इन-काउंसिल के सदस्य तथा कलाकार कल्याण संघ के संभागीय अध्यक्ष प्रहलाद राजपूत सहित जागेश्वर कुम्भकार, पवन कुम्भकार, तरुण, माहेश्वर, रामेश्वर, आशीष कोटक, रोमित, जयकिशन, गोपाल, संतोष, जीतेन्द्र और तुषार सहित अन्य मूर्ति कलाकार एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं