• बलौदाबाजार-भाटापारा और रायपुर जिले में नहरों का जीर्णोद्धार, रिमॉडलिंग और भूमिगत पाइपलाइन के होंगे कार्य : रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने रा...
• बलौदाबाजार-भाटापारा और रायपुर जिले में नहरों का जीर्णोद्धार, रिमॉडलिंग और भूमिगत पाइपलाइन के होंगे कार्य :
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सात प्रमुख सिंचाई योजनाओं के लिए कुल 30 करोड़ 74 लाख 39 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत इस राशि से नहरों का जीर्णोद्धार, रिमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग, भूमिगत पाइपलाइन और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएंगे।
इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों तक बेहतर और निर्बाध सिंचाई सुविधा पहुंचाना तथा नहरों के अंतिम छोर तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इससे विशेष रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा और रायपुर जिले के कृषि क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नहरों का होगा सुधार
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बलौदा शाखा नहर के वितरक क्रमांक 11 और 12 में रिमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग और पक्के निर्माण कार्यों के लिए 4.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे लगभग 339.05 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी।
इसी तरह सोंढूर परियोजना के अंतर्गत भाटापारा शाखा नहर की बेन्द्री वितरक नहर में रिमॉडलिंग और सीसी लाइनिंग के लिए 4.82 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस कार्य से लगभग 355 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
रायपुर जिले में भूमिगत पाइपलाइन और नहर सुधार
रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड में महानदी परियोजना अंतर्गत भाटापारा शाखा नहर के विभिन्न सुधार कार्यों के लिए 4.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा मांढ़र शाखा नहर के वितरक क्रमांक 14 में आरडी 2700 मीटर से 3500 मीटर तक नहर को ह्यूम पाइप के माध्यम से भूमिगत करने के लिए 4.90 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मांढ़र ब्रांच केनाल सर्विस रोड के आरडी 31600 मीटर से 32900 मीटर तक डामर सड़क निर्माण के लिए 1.90 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। वहीं, मांढ़र शाखा नहर के वितरक क्रमांक 8 और माइनर 1 में भूमिगत पाइपलाइन, कंक्रीट और मुरमीकरण सड़क निर्माण के लिए 4.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
महानदी परियोजना समूह के अंतर्गत मांढ़र शाखा नहर के वितरक क्रमांक 11, 13, 14 और माइनर्स के जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 4.97 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत इन कार्यों से क्षेत्र में जल प्रबंधन व्यवस्था मजबूत होगी। नहरों की क्षमता बढ़ने और आवश्यक सुधार कार्य पूरे होने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। विशेष रूप से टेल एरिया में स्थित खेतों तक पानी पहुंचाने में इन योजनाओं से मदद मिलने की उम्मीद है।
सरकार का मानना है कि सिंचाई ढांचे के सुदृढ़ होने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को बेहतर खेती के अवसर मिलेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं