• PDS में चीनी उपलब्ध नहीं होने और खुले बाजार में बढ़ती कीमतों का आरोप, सिरहासर चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया एकदिवसीय आंदोलन : जगद...
• PDS में चीनी उपलब्ध नहीं होने और खुले बाजार में बढ़ती कीमतों का आरोप, सिरहासर चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया एकदिवसीय आंदोलन :
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय सिरहासर चौक में 'चीनी सत्याग्रह' आंदोलन किया गया। कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की साय सरकार की नीतियों के खिलाफ बढ़ती महंगाई और चीनी की कीमतों में वृद्धि को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में आयोजित एकदिवसीय आंदोलन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चीनी की बढ़ी हुई कीमतों को नियंत्रित करने और महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।
"आम आदमी की थाली से मिठास गायब हो रही है" : सुशील मौर्य
आंदोलन को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी PDS के तहत राशन दुकानों में चीनी उपलब्ध नहीं होने से गरीब परिवारों को खुले बाजार से अधिक कीमत पर चीनी खरीदनी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर संभाग में चना और गुड़ जैसी वस्तुएं भी लंबे समय से उपलब्ध नहीं हैं। मौर्य के अनुसार, आम और मध्यमवर्गीय परिवार खुले बाजार में 60 से 70 रुपये प्रति किलो की दर से शक्कर खरीदने को मजबूर हैं।
सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि गन्ने के रस को एथेनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट किए जाने से घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, पेट्रोल-डीजल समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में चीनी की कीमतों में वृद्धि से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
महंगाई नियंत्रण में सरकार विफल : राजेश चौधरी
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि एक ओर किसानों को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिलने का आरोप लगाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बाजार में चीनी की कीमतें बढ़ रही हैं। चौधरी ने महंगाई को नियंत्रित करने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई केवल किसी एक वस्तु की कीमत बढ़ने का मामला नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर आम परिवारों के पूरे घरेलू बजट पर पड़ता है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही कीमतों को नियंत्रित करने और महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस आगे उग्र आंदोलन करेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
आंदोलन में वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, रामशंकर राव, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, गौरनाथ नाग सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



कोई टिप्पणी नहीं