• कामानार नाका के पास प्रदर्शन कर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग, पूर्व विधायक रेखचंद जैन और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महादेव नाग रहे मौजूद : ज...
• कामानार नाका के पास प्रदर्शन कर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग, पूर्व विधायक रेखचंद जैन और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महादेव नाग रहे मौजूद :
जगदलपुर : NH-30 की जर्जर स्थिति और क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा ने कामानार नाका के समक्ष चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व, पूर्व विधायक रेखचंद जैन की उपस्थिति और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा अध्यक्ष महादेव नाग की अगुवाई में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NH-30 की खराब स्थिति को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा आम जनता को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास के दावे केवल विज्ञापनों तक सीमित रह गए हैं। NH-30 की बदहाल स्थिति सरकार के विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि गड्ढों और जर्जर सड़कों के भरोसे जनता को छोड़कर विकास की बातें करना जनता के साथ छलावा है।
उन्होंने कहा कि NH-30 बस्तर को प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों, वाहन चालकों, ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूखे के दिनों में धूल और बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ एवं जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होता है। बड़े-बड़े गड्ढों के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
सुशील मौर्य ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के दावे कर रही है, लेकिन दूसरी ओर NH-30 जैसे महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली बनी हुई है। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि NH-30 बस्तर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इससे आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण आम जनता को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सरकार को प्रचार और राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर सड़क की वास्तविक स्थिति सुधारने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा अध्यक्ष महादेव नाग ने कहा कि दरभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क की बदहाली से परेशान है। खराब सड़क के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष नीलुराम बघेल, महामंत्री अल्ताफ उल्ला खान, अनुराग महतो, ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंह बघेल, तुलाराम कश्यप, धरमूराम, बलिराम, जयदेव नाग, मानसिंह ठाकुर, मनीष बघेल, मुन्नालाल कश्यप, सरपंच सुरेश कश्यप, सहदेव नाग, राजेश दास, मानु, जशकेतन जोशी, सोनारू नाग, राजेंद्र त्रिपाठी, प्रदीप सेठिया, जलन्धर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




कोई टिप्पणी नहीं