• धनपुंजी आरटीओ नाका के पास बस का इंतजार करते पकड़ा गया आरोपी, जब्त गांजे की कीमत करीब ₹1.50 लाख : जगदलपुर/नगरनार : बस्तर जिले में मादक पदा...
• धनपुंजी आरटीओ नाका के पास बस का इंतजार करते पकड़ा गया आरोपी, जब्त गांजे की कीमत करीब ₹1.50 लाख :
जगदलपुर/नगरनार : बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹1.50 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा लेकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश जाने की तैयारी में था। कार्रवाई थाना नगरनार क्षेत्र अंतर्गत धनपुंजी आरटीओ नाका के पास की गई।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को 21 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पीठ्ठू बैग में अवैध गांजा लेकर परिवहन के लिए धनपुंजी आरटीओ नाका के पास बस का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर नगरनार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रजत पिता संतोष कुमार, उम्र 23 वर्ष, निवासी लालपुर, थाना बिल्हौर, जिला कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें एक पैकेट में कुल 3 किलो गांजा बरामद हुआ।
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 123/2026, धारा 20(ख) NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने गांजे के अलावा आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, कीमत ₹5,000 और ₹500 नगद भी जब्त किया है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर होने वाली अवैध गांजा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के दिशा-निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक विकेश तिवारी, उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, सहायक उपनिरीक्षक महेन्द्र ठाकुर, प्रधान आरक्षक भीमेसन बघेल, आरक्षक राधा कृष्ण राय, दशरू राम नाग, विक्रम उराव, डीएसएफ आरक्षक कार्तिक नाग, भास्कर भारद्वाज और वाहन चालक अविनाश मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



कोई टिप्पणी नहीं