• हरियाणा और मध्यप्रदेश की शराब सरकारी दुकान से खपाने का आरोप, पुलिस-आबकारी और जनप्रतिनिधियों पर भी गंभीर सवाल : प्रतीकात्मक छवि जगदलपुर : ...
• हरियाणा और मध्यप्रदेश की शराब सरकारी दुकान से खपाने का आरोप, पुलिस-आबकारी और जनप्रतिनिधियों पर भी गंभीर सवाल :
![]() |
| प्रतीकात्मक छवि |
जगदलपुर : बस्तर जिले की नगरनार स्थित शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि हरियाणा और मध्यप्रदेश की शराब फैक्ट्रियों से लाई गई अंग्रेजी शराब को छत्तीसगढ़ सरकार की शराब के साथ सरकारी दुकानों के माध्यम से बेचा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस कथित अवैध कारोबार में करपावंड और जगदलपुर के दो शराब कारोबारियों के साथ नगरनार शासकीय शराब दुकान के दो कर्मचारियों की प्रमुख भूमिका बताई जा रही है। दावा किया गया है कि नगरनार की दुकान से चारपहिया वाहनों के माध्यम से बस्तर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रतिदिन बड़ी मात्रा में शराब की आपूर्ति की जा रही है। आरोपों के मुताबिक, प्रतिदिन 25 से 40 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब सरकारी दुकानों के जरिए बेची जा रही है।
मामले में 10 जुलाई को कोड़ेनार थाना क्षेत्र में एक लाल रंग की स्विफ्ट कार से बड़ी मात्रा में शराब जब्त किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि इस मामले में कोड़ेनार पुलिस ने धनपुंजी निवासी सतीश कुमार गुप्ता और सुकालु गवाड़े के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि जब्त शराब नगरनार स्थित शासकीय शराब दुकान से लाई जा रही थी।
इसके अलावा, नगरनार शराब दुकान के एक सुपरवाइजर और एक सेल्समैन को इस कथित गिरोह का प्रमुख संचालक बताया गया है। आरोप है कि दोनों ने पिछले तीन-चार वर्षों में अवैध शराब कारोबार के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। यह भी दावा किया गया है कि एक स्थानीय भाजपा नेता से उनकी नजदीकी के कारण उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं हो रही है।


कोई टिप्पणी नहीं