• ग्रामीणों के लिए आसान हुआ आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को मिली नई रफ्तार : नारायणपुर : लोक निर्माण विभाग के सेतु निर्माण...
• ग्रामीणों के लिए आसान हुआ आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को मिली नई रफ्तार :
नारायणपुर : लोक निर्माण विभाग के सेतु निर्माण उपसंभाग नारायणपुर द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उच्चस्तरीय पुल और सड़क निर्माण कार्य पूरे होने से ग्रामीण अंचलों की तस्वीर बदल गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के लगभग 65 गांवों को वर्षभर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलने लगी है।
पहले बारिश के मौसम में उफनते नदी-नालों के कारण कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता था। इससे विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पुल और सड़क बनने से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है।
नई सड़क और पुलों से किसानों को अपनी कृषि उपज समय पर बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिल रही है। परिवहन लागत कम होने से स्थानीय व्यापार और ग्रामीण उद्यमियों को भी लाभ मिल रहा है। वहीं गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को एम्बुलेंस के माध्यम से समय पर अस्पताल पहुंचाना आसान हो गया है। विद्यार्थियों के लिए भी स्कूल और कॉलेज तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में घंटों इंतजार करने की मजबूरी अब खत्म हो गई है। पुल निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ समय की बचत भी हो रही है। लोक निर्माण विभाग के इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है तथा विकास को मजबूती मिली है।






कोई टिप्पणी नहीं