"प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकानों पर नगर पंचायत बारसूर की सख्ती, 51 हितग्राहियों को नोटिस" "सितंबर से पहले निर्माण ...
"प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकानों पर नगर पंचायत बारसूर की सख्ती, 51 हितग्राहियों को नोटिस"
दंतेवाड़ा, 07 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY-1.0) के तहत वर्षों से अधूरे पड़े आवासों को लेकर नगर पंचायत बारसूर ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पंचायत क्षेत्र में ऐसे 51 हितग्राहियों की पहचान की गई है, जिन्होंने योजना के तहत राशि प्राप्त करने के बावजूद निर्धारित समय सीमा में अपने आवासों का निर्माण पूरा नहीं किया। अब नगर पंचायत प्रशासन ने सभी संबंधित हितग्राहियों को नोटिस जारी करते हुए सितंबर 2026 से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
नगर पंचायत की टीम द्वारा घर-घर जाकर किए गए निरीक्षण में पाया गया कि कई हितग्राहियों ने योजना के अंतर्गत विभिन्न किश्तों की राशि प्राप्त करने के बाद भी निर्माण कार्य को तय स्तर तक नहीं पहुंचाया। योजना के प्रावधानों के अनुसार फाउंडेशन स्तर की राशि प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को लिंटल स्तर तक, लिंटल स्तर की राशि पाने वालों को रूफ स्तर तक तथा रूफ स्तर की राशि प्राप्त करने वालों को फिनिशिंग स्तर तक निर्माण कार्य पूरा करना था। इसके बावजूद कई मकान लंबे समय से अधूरे पड़े हुए हैं।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि अधूरे आवासों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और संबंधित हितग्राहियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सितंबर माह तक भी जिन हितग्राहियों द्वारा निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध योजना के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे समय सीमा का पालन करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करें, ताकि योजना का लाभ पूरी तरह प्राप्त हो सके।
नगर पंचायत बारसूर की इस कार्रवाई को प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे लंबे समय से अधूरे पड़े आवासों का निर्माण पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है और पात्र परिवारों को जल्द ही अपने पक्के घर का लाभ मिल सकेगा।





कोई टिप्पणी नहीं