• छात्रों को नियमित अध्ययन के लिए किया प्रेरित, पुस्तकों और कंप्यूटर सुधार का एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन : जगदलपुर : जनपद पंचायत लोहंड...
• छात्रों को नियमित अध्ययन के लिए किया प्रेरित, पुस्तकों और कंप्यूटर सुधार का एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन :
जगदलपुर : जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा के उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. बसंत कश्यप ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोठियागुड़ा का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, गंभीरता से अध्ययन करने और परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. कश्यप ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के साथ गणित विषय के त्रिकोणमिति से जुड़े सूत्रों को याद रखने का सरल तरीका भी साझा किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधि लगातार स्कूलों का निरीक्षण कर रहे हैं।
उन्होंने विद्यालय में संचालित अटल टिंकरिंग लैब और स्मार्ट क्लास का भी अवलोकन किया तथा शिक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इसी तरह कार्य करते रहने की बात कही।
विद्यालय के प्राचार्य द्वारा कक्षा 12वीं के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए 10-10 सेट पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था और आईसीटी लैब के कंप्यूटरों की मरम्मत की आवश्यकता बताई गई। इस पर डॉ. बसंत कश्यप ने दोनों मांगों को एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने का आश्वासन दिया।





कोई टिप्पणी नहीं