"टलनार पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि में 4.98 लाख रुपये के गबन का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई" बकावंड/बस्तर। बकावं...
"टलनार पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि में 4.98 लाख रुपये के गबन का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई"
बकावंड/बस्तर। बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत टलनार में 15वें वित्त आयोग की राशि के कथित दुरुपयोग और गबन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पंचायत में कुल 4 लाख 98 हजार 10 रुपये के वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन मरम्मत, पेंटिंग तथा अन्य विकास कार्यों के नाम पर राशि आहरित की गई, लेकिन मौके पर संबंधित कार्य या तो अधूरे हैं या फिर किए ही नहीं गए। आरोप है कि पंचायत भवन मरम्मत के नाम पर लगभग 1.20 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि स्थल निरीक्षण में केवल मामूली मरम्मत और दरवाजों का कार्य दिखाई देता है।
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब टलनार, बकावंड और जगदलपुर क्षेत्र में ऐसे कार्य करने वाले अनेक स्थानीय कारीगर उपलब्ध हैं, तब दूरस्थ क्षेत्र के कथित ठेकेदार अथवा मजदूरों को भुगतान क्यों किया गया। बिल में दर्ज मोबाइल नंबर की जांच करने पर भी संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने का दावा किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और सचिव की मिलीभगत से शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कलेक्टर बस्तर और एसडीएम बकावंड से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा राशि की वसूली की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे आगे व्यापक आंदोलन करेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं