दिनेश कश्यप अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, जगदलपुर "जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप एवं उपाध्य...
![]() |
"जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप एवं उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के किसान हितैषी निर्णय का स्वागत करते हुए इसे किसानों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।"
![]() |
मुख्यमंत्री साय एवं कैबिनेट के किसान हितैषी फैसले से बस्तर के किसानों को मिलेगा नया संबल : दिनेश कश्यप
जगदलपुर।(रोमेश नामदेव) मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में खरीफ वर्ष 2026 से कृषक उन्नति योजना के नवीन स्वरूप को मंजूरी दिए जाने के बाद बस्तर क्षेत्र में किसानों के बीच उत्साह का माहौल है। राज्य सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप एवं उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने इसे किसानों की आर्थिक समृद्धि, फसल विविधीकरण और कृषि क्षेत्र के सतत विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी तथा कपास जैसी वैकल्पिक फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता प्रदान करने का निर्णय किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। इससे किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर नई और अधिक लाभकारी फसलों की खेती करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण, भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा कृषि क्षेत्र की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्य सरकार द्वारा एकीकृत किसान पोर्टल, एग्रीस्टेक पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं के माध्यम से योजना का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किसानों तक पहुंचाया जाएगा। इससे कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।
दिनेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नवाचारपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय ले रही है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलने से प्रदेश के किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे और कृषि उत्पादन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि धान के स्थान पर दलहन, तिलहन और मिलेट्स फसलों को बढ़ावा देने का निर्णय किसानों, स्वास्थ्य और पर्यावरण तीनों दृष्टिकोण से अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि मिलेट्स आधारित खेती को बढ़ावा मिलने से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी, जिससे किसानों को खाद की कमी जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही कोदो, कुटकी और रागी जैसे मोटे अनाज स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। वर्तमान समय में देशभर के डॉक्टर और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी इन फसलों के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं क्योंकि इनके नियमित सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है तथा दवाइयों पर होने वाला अनावश्यक खर्च भी कम हो सकता है।
श्रीनिवास मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ समाज और बेहतर पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। इससे बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मिलेट्स उत्पादन को नई दिशा मिलेगी और किसानों को बाजार में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
अंत में दिनेश कश्यप एवं श्रीनिवास मिश्रा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना का नया स्वरूप छत्तीसगढ़ के किसानों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश में कृषि विकास को नई गति मिलेगी तथा किसानों का आर्थिक भविष्य और अधिक मजबूत होगा।



कोई टिप्पणी नहीं